नवी मुंबई एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर सांसद सुरेश म्हात्रे के नेतृत्व में भिवंडी से नवी मुंबई तक कार रैली निकाली गई। रैली दि.बा. पाटील की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुई। स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
मुंबई : नवी मुंबई इंटरनैशनल एयरपोर्ट को दिवंगत नेता दि.बा. पाटील का नाम दिए जाने की मांग को लेकर सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ़ बाल्या मामा के नेतृत्व में भिवंडी से नवी मुंबई तक कार रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
बहुजन समाज के हजारों लोग थे मौजूद
रैली मानकोली-डोंबिवली रोड पर दि.बा. पाटील की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुई। इसमें ठाणे जिले के वरिष्ठ नेता आर.सी. पाटील, शिवसेना (यूबीटी) के उपनेता विश्वास थले, मनसे के प्रदेश उपाध्यक्ष डी.के. म्हात्रे, शिवसेना (यूबीटी) के जिला प्रमुख कुंदन पाटील, एनसीपी (शरद गुट) की महिला जिला अध्यक्ष डॉ. रूपाली कराले, पूर्व जिला परिषद सदस्य शारदा सुरेश म्हात्रे और भिवंडी तालुका के बहुजन समाज के हजारों लोग मौजूद थे।
रैली का उद्देश्य केंद्र सरकार का ध्यान खींचना
सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट का नाम दि.बा. पाटील रखने के लिए ठाणे, रायगड, पालघर, मुंबई और नवी मुंबई के मूल निवासी आगरी-कोली शुरू से ही मांग कर रहे हैं। राज्य ने भी इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है, लेकिन केंद्र की तरफ से देरी की जा रही है। इससे समाज में बेचैनी है। म्हात्रे ने कहा कि कार रैली का उद्देश्य केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। रैली के बाद केंद्र सरकार जल्द ही नामकरण को लेकर सकारात्मक फैसला लेगी, ऐसी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र से कोई गड़बड़ी होती है, तो आंदोलन तेज किया जाएगा और एयरपोर्ट का उद् घाटन नहीं होने देंगे। रैली को वंचित बहुजन आघाडी, भिवंडी के अध्यक्ष प्रदीप शिर्के ने समर्थन दिया। मानकोली, खारेगांव, कलवा और विटावा में स्थानीय लोग पारंपरिक वेशभूषा में और महिलाएं कोली नृत्य करती दिखीं।
लेखक के बारे मेंएनबीटी डेस्कदेश, दुनिया, खेल की खबर हो या फिर सियासत के गलियारों की अंदर की बात, हर खबर आप तक पहुंचाता है NBT न्यूज डेस्क।... और पढ़ें
Storiesकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर