n NBT रिपाेर्ट, गुड़गांव
क्राइम ब्रांच फर्रुखनगर टीम ने मानेसर एरिया में एक अस्पताल के मालिक का सामान चोरी करने में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल खोड़ गांव का रहने वाला है, उसे पुलिस ने पटौदी से गिरफ्तार किया। दरअसल, 25 मार्च को मानेसर थाना पुलिस को एक अस्पताल के मालिक ने बताया कि 24 मार्च को उनके अस्पताल से किसी ने सोने की अंगूठियां और नकदी चोरी कर ली है। क्राइम ब्रांच टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। सोमवार को टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर दो सोने की अंगूठियां, दो चांदी की अंगूठियां, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी कान की बालियां व चोरी के पैसों से खरीदा माेबाइल बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने पटौदी में एक और रेवाड़ी में दो अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि राहुल हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले से ही रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और गुड़गांव में चोरी सहित विभिन्न धाराओं के तहत छह केस दर्ज हैं।
