n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
खेड़की दौला एरिया के बसई रोड पर मानेसर से ड्यूटी के बाद साइकल से घर लौट रहे युवक को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अजय कुमार निवासी चैनपुर, बिहार के रूप में हुई है।
मृतक के चाचा लालबाबू विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि अजय गुड़गांव के बसई गांव में रह रहा था। शनिवार को अजय अपनी साइकल से मानेसर से ड्यूटी के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान सरदार जी होटल के पास एक युवक ने तेज स्पीड से बाइक चलाते हुए अजय की साइकल को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और होटल कर्मियों की मदद से घायल अजय को पहले गुड़गांव के सिल्वर स्ट्रीक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां दो दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद सोमवार को अजय ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
