Knife Attack In Rice Dispute Woman And Husband Attacked Admitted To Hospital
चावल बदलने के झगड़े में चाकूबाज़ी का आरोप
नवभारत टाइम्स•
करनाल के उत्तम नगर में चावल वापसी को लेकर मामूली विवाद हिंसक हो गया। एक महिला ग्राहक से दुकानदार की कहासुनी हुई। दुकानदार महिला के घर पहुंचा और तीन युवकों से महिला और उसके पति पर चाकू से हमला करवा दिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करनाल के उत्तम नगर में सामान वापसी को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। मंगलवार रात एक दुकान से खरीदे चावल वापस करने पहुंची महिला से दुकानदार की कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि दुकानदार महिला के घर पहुंची और तीन युवकों को बुलाकर महिला और उसके पति पर चाकू से हमला करवा दिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घायल महिला की पहचान सोनी और उसके पति की पहचान अजय दास के तौर पर हुई है। दोनों उत्तम नगर के रहने वाले हैं। सोनी ने बताया कि मंगलवार रात उन्होंने एक दुकान से 200 रुपये के चावल खरीदे थे। घर आकर देखा तो चावल मोटा था, जो उन्हें पसंद नहीं आया। जब उन्होंने दुकानदार से चावल वापस करने को कहा तो दुकानदार ने कहा कि 50 रुपये कटेंगे।इस बात पर दोनों के बीच बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दुकानदार गुस्से में महिला के घर तक पहुंच गई। वहां उसने अपने तीन साथियों को बुला लिया। तीनों युवकों ने मिलकर सोनी और उसके पति अजय दास पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।