n NBT न्यूज, रबूपुरा
कस्बा रबूपुरा के शांति नगर मोहल्ले में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी मां की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही हैं। प्राथमिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग या अस्पताल से फैले किसी गंभीर संक्रमण का माना जा रहा है। दो बच्चों की मौत से स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, अनिल तोमर उर्फ कालू की पत्नी रूबी (35), बेटी दीपांशी (8) और बेटे प्रिंस (5) को शनिवार शाम खाना खाने के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। स्थानीय डॉक्टर से दवा लेने के बाद उनकी हालत सुधर गई थी। सोमवार सुबह परिवार के सभी सदस्यों ने नाश्ते में पास्ता, चीकू और ब्रेड खाया। इसके करीब एक घंटे बाद रूबी, दीपांशी और प्रिंस की तबीयत अचानक दोबारा बिगड़ गई और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। रूबी का कुछ दिन पहले एक ऑपरेशन हुआ तो उन्होंने केवल चीकू खाया था। नाश्ता उनकी 12 साल की बेटी दिव्या और 10 साल की बेटी दीपिका ने तैयार किया था। परिवार के अन्य सदस्य को कोई दिक्कत नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जाहिर की है।

