सर्दी-जुकाम, व उल्टी-दस्त के बढ़े मरीज़, BK अस्पताल में लगी भीड़

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के बीके सिविल अस्पताल में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सर्दी-जुकाम, बुखार और उल्टी-दस्त जैसी समस्याओं से पीड़ित लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। डॉक्टरों ने मौसम के बदलाव के कारण संक्रमण बढ़ने की बात कही है।

bk hospital overwhelmed by seasonal illnesses surge in cold cough vomiting and diarrhea patients

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : कभी तेज धूप और भीषण गर्मी, तो कभी आंधी, बारिश और उमस भरे वातावरण के कारण मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को फरीदाबाद के बीके सिविल अस्पताल की ओपीडी में एक हजार से अधिक मरीज इलाज और स्वास्थ्य परामर्श के लिए पहुंचे। सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पंजीकरण काउंटर से लेकर विभिन्न विभागों की ओपीडी के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। बीके अस्पताल में सबसे अधिक मरीज बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, वायरल संक्रमण , पेट दर्द, उल्टी-दस्त, एलर्जी और त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित होकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है, जिसके चलते लोग आसानी से संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों में मौसमी बीमारियों के मामले बढ़े हैं। अस्पताल प्रशासन ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ताजा भोजन करने और मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी है।

स्वास्थ्यकर्मियों पर भी काम बढ़ गया : अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों पर भी काम बढ़ गया है। कई विभागों में मरीजों को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। चिकित्सकों की सलाह स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम में बाहर का खुला और बासी भोजन खाने से बचना चाहिए। गर्मी और उमस के दौरान शरीर में पानी की कमी न होने दें तथा बुखार, दस्त या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।