कूनो से निकला चीता जा पहुंचा भरतपुर

नवभारतटाइम्स.कॉम

मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से एक चीता राजस्थान के भरतपुर जिले के बंध बारैठा वन्यजीव अभयारण्य में पहुंच गया है। यह चीता करीब 200 किलोमीटर का सफर तय कर यहां पहुंचा है। चीते की हर गतिविधि पर सैटेलाइट कॉलर से नजर रखी जा रही है। वन विभाग ने चीते की सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ा दी है।

cheetah escaped from kuno reaches bharatpur covers 200 km journey and settles in bandh baretha

गतिविधियों पर रखी जा रही नजर

भाषा, जयपुर: मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से निकला चीता केजीपी-3 अब राजस्थान के भरतपुर जिले के बंध बारैठा वन्यजीव अभयारण्य में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है। करीब 200 किलोमीटर का लंबा सफर तय करने के बाद यह चीता लगातार घने जंगलों में विचरण करता हुआ नजर आ रहा है। उपवन संरक्षक ( वन्यजीव , भरतपुर) चेतन कुमार बी.वी. ने बताया कि चीता काफी समय पहले कूनो राष्ट्रीय उद्यान से बाहर निकल गया था। इसके बाद वह करौली के मंडरायल डांग क्षेत्र में पहुंचा और धौलपुर-करौली बाघ अभयारण्य के कोर क्षेत्र से होते हुए सरमथुरा तक पहुंचा। उन्होंने बताया कि 30 मई को यह चीता भरतपुर के बंध बारैठा क्षेत्र में पहुंचा था और तब से वहीं विचरण कर रहा है। फिलहाल वह पूरी तरह स्वस्थ है और प्राकृतिक रूप से अपने क्षेत्र का विस्तार करते हुए यहां तक पहुंचा है। चीते के गले में लगे सैटेलाइट कॉलर की मदद से कूनो राष्ट्रीय उद्यान की विशेषज्ञ टीम उसकी हर गतिविधि पर नजर रख रही है। उन्होंने बताया कि चीते की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है तथा वनकर्मियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

रेकमेंडेड खबरें