n NBT न्यूज, फरीदाबाद
कॉलेजों में अंडर ग्रेजुएशन कोर्स में दाखिले के लिए हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट ने रिवाइज शेड्यूल जारी कर दिया गया है। नए शेड्यूल के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 जून को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। मेरिट लिस्ट के बाद छात्रों को फीस जमा करने का समय दिया जाएगा और उसके बाद दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट के निर्देशानुसार कॉलेजों में अंडर ग्रेजुएशन कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन की प्रक्रिया 15 जून तक जारी रहेगी। पिछले दिनों आवेदन की तारीख बढ़ाने के बाद अब डिपार्टमेंट ने दाखिले का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। आवेदनों की ऑनलाइन वेरिफिकेशन का काम कॉलेजों को 22 जून तक पूरा करना होगा। उसके बाद दाखिले के लिए याेग्य छात्रों की सूची जारी की जाएगी। 24 जून को यह जारी की जाएगी। सूची में वह छात्र शामिल होंगे, जिनके दस्तावेजों की ऑनलाइन वेरिफिकेशन पूरी हो चुकी है। 26 जून को पहली प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी और 27 को पहली मेरिट लिस्ट जारी होगी। जिन छात्रों के नाम लिस्ट में शामिल होंगे, वह 28 जून से एक जुलाई तक कॉलेजों में फीस जमा कर अपनी सीट कंफर्म कर सकेंगे। दो जुलाई को दूसरी प्रोविजनल मेरिट लिस्ट व तीन जुलाई को दूसरी फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। लिस्ट में शामिल छात्र चार से सात जून तक फीस जा कर सकेंगे। मेरिट लिस्ट के आधार पर दाखिले की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। नौ जून से फिजिकल काउंसलिंग शुरू होगा। फिजिकल काउंसलिंग में छात्रों को नए सिरे से आवेदन करने का मौका भी मिलेगा और दाखिला पोर्टल एक बार फिर से खुलेगा। 11 से 17 जुलाई तक 100 रुपये लेट फीस के साथ दाखिले होंगे और उसके बाद 18 से 24 जुलाई तक 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से लेट फीस वसूली जाएगी।
राजकीय कॉलेज खेड़ी गुजरान के प्रिंसिपल डॉ़ सुनील शर्मा ने बताया कि कॉलेजों में दाखिले का विस्तृत शेड्यूल हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट ने जारी कर दिया है। शेड्यूल के अनुसार ही दाखिला प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। 15 जून तक आवेदन लिए जाएंगे और उनकी जांच होने के बाद 27 जून को पहली मेरिट लिस्ट जारी होगी। जिन छात्रों के नाम मेरिट लिस्ट में होंगे, उन्हें निश्चित समय में फीस जमा कर अपनी सीट कंफर्म करनी होगी।

