n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : सेक्टर-16 स्थित एक मकान की बेसमेंट में रविवार शाम अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा करीब दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बेसमेंट में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7 बजे पुलिस को सेक्टर-16 स्थित गौतम अरोड़ा के मकान से धुआं निकलने की सूचना मिली। बताया गया कि मकान की बेसमेंट में बुटीक से संबंधित सामान रखा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। जब टीम घटनास्थल पर पहुंची तो मकान का बेसमेंट बंद मिला। उस समय मकान में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, क्योंकि पूरा परिवार घर से बाहर गया हुआ था। बढ़ते धुएं और आग के खतरे को देखते हुए दमकलकर्मियों ने बेसमेंट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

