n NBT न्यूज, फरीदाबाद
डबुआ थाना क्षेत्र में गाजीपुर के पास एक मैदान में मिले नंगला एंक्लेव पार्ट-2 निवासी आकाश (16) के शव के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए आरोपी रोहित उर्फ फटेला (18) को गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सुरजावली गांव का निवासी है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपी रोहित के माता-पिता का निधन हो चुका है और वह अपने नाना-नानी के साथ रहता है। पुलिस ने बताया कि वह अक्सर फरीदाबाद के सुभाष नगर स्थित अपने परिचितों के पास आता-जाता था। इसी दौरान उसकी करीब डेढ़ साल पहले नंगला एंक्लेव पार्ट-2 निवासी किशोर आकाश से दोस्ती हुई थी। वह इससे मिलने हमेशा आता था। जांच में सामने आया कि करीब ढाई महीने पहले दोनों गुड़गांव के एक क्लब में पार्टी करने गए थे। वहां आकाश की एंट्री फीस में 500 रुपये कम पड़ने पर रोहित ने ये रुपये जमा कराए थे। इसी रकम को वापस करने के लिए दोनों के बीच अक्सर बहस होती थी।

