NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : विजयनगर क्षेत्र निवासी एक महिला के एलआईसी के नाम पर दो लाख रुपये का फ्रॉड करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने रुपये वापस देने के नाम पर अपने घर बुलाकर उन पर हमला कर दिया। मामले में नाजरीन ने विजयनगर थाने में फरजाना, जैद, सब्बी और फराहा के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
शिकायत में नाजरीन ने बताया कि फरजाना ने एलआईसी के नाम पर दो लाख रुपये का उनके साथ फ्रॉड किया है। जब भी वह उससे रुपये वापस मांगती तो दुर्व्यवहार कर गाली-गलौज करती। 4 जून को उसने उन्हें व अन्य महिलाओं को जिनके साथ फ्रॉड किया है। सबको साजिश के तहत कॉल करके अपने घर बुलाया। जैसे ही सभी वहां पहुंचे तो पहले से फरजाना अपने बेटे जैद व सब्बी और सौतेली बेटी फराहा के साथ मिलकर पथराव शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने उन पर उनके बेटे समीर पर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। नाजरीन ने कहा कि फरजाना का बेटा हत्या के केस में जेल जा चुका है। उसने पिस्टल लहराते हुए जानलेवा हमला किया। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।

