फ्लैट दिलाने का कहकर कई लोगों से 11 लाख ठगे

नवभारतटाइम्स.कॉम

गाजियाबाद के विजयनगर में एक महिला ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट दिलाने का लालच देकर लोगों से 11 लाख रुपये ठग लिए। शिकायतकर्ता गुलाब सिंह ने महिला सीमा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। सीमा ने कई लोगों से पैसे लेकर उन्हें फ्लैट आवंटित कराने का झूठा वादा किया था।

ghaziabad woman defrauds 11 lakh in the name of getting flats deceives with pradhan mantri awas yojana

n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : विजयनगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत फ्लैट आवंटित कराने का झांसा देकर कई लोगों से 11 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप एक महिला पर है। मामले में ढाई लाख रुपये गंवाने वाले विजयनगर की संघर्ष कॉलोनी निवासी गुलाब सिंह ने विजयनगर थाने में सीमा के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

शिकायत में गुलाब सिंह ने बताया कि उनकी मुलाकात एक रिश्तेदार के माध्यम से सिद्धार्थ विहार स्थित वृद्धाश्रम के पास रहने वाली सीमा से हुई थी। सीमा अक्सर उनके परिचितों के घर आती-जाती थी और खुद को प्रधानमंत्री आवासीय योजना से जुड़े अधिकारियों के संपर्क में बताती थी। वह लोगों को झांसा देती थी कि गरीब परिवारों के लिए फ्लैट आवंटित किए जा रहे हैं और अधिकारियों को प्रति फ्लैट 2 लाख 30 हजार रुपये देने पर आवंटन सुनिश्चित हो जाएगा। उसकी बातों पर विश्वास कर उन्होंने 28 फरवरी 2025 को 20 हजार रुपये, एक मार्च 2025 को 20 हजार रुपये और 8 अप्रैल 2025 को 22 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से दिए। इसके अलावा 1 लाख 68 हजार रुपये नकद सीमा को दिए। रुपये लेने के बाद उसने 3 महीने के अंदर फ्लैट आवंटित कराने का वादा किया था। आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी उनके नाम कोई फ्लैट आवंटित नहीं हुआ। शक होने पर उन्होंने नगर निगम और जीडीए में पता किया तो आरोपी महिला के दावे पूरी तरह झूठे थे और उसके पास फ्लैट आवंटन से जुड़ा कोई अधिकार नहीं था। सीमा ने उनके जैसे ही बेबी, रमा, रश्मि, राजेश, सलमा, अनवर, रजनी, शहजाद, नाजरीन, शमीम आदि से भी फ्लैट दिलाने के नाम पर करीब 11 लाख रुपये लिए हैं। जब लोगों ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मरवाने की धमकी भी दी।