n NBT न्यूज, हापुड़ : पिलखुवा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों पर उनकी पत्नी के प्रसव के दौरान नवजात की मौत के मामले में लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पिलखुवा के मोहल्ला शुक्ला निवासी रवि ने बताया कि 6 मई को उन्होंने अपनी गर्भवती पत्नी को पिलखुवा की रेलवे रोड स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया। जन्म के बाद अस्पताल ने नवजात की हालत गंभीर बताकर उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन बच्चे को लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचे। वहां कराए गए एक्स-रे में पता चला कि नवजात के एक हाथ की हड्डी टूटी हुई है और सिर में ब्लड जमा है। इलाज के दौरान ही कुछ देर बाद बच्चे ने दम तोड़ दिया।
बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक बालक के पिता रवि का आरोप है कि सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही के कारण ही उनके बच्चे की मौत हुई है। प्रसव के दौरान ही बच्चे को चोट लगी। उन्होंने मामले में जांच कर दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान ने बताया कि शिकायत मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है।

