n NBT रिपोर्ट, ग्रेनो : शहर की खराब पड़ी सर्विस रोड की हालत सुधारी जाएगी। इसके लिए प्रॉजेक्ट डिपार्टमेंट प्लानिंग बनाकर काम शुरू कराने की तैयारी में है। ग्रेटर नोएडा की मुख्य सड़कों को चौड़ा करने और मरम्मत का काम चल रहा है। अब अथॉरिटी सेक्टरों के चारों ओर और मुख्य सड़कों की सर्विस रोड की मरम्मत कराएगी। सर्विस रोड की हालत खराब है। इसके चलते लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है। प्रॉजेक्ट डिपार्टमेंट ने सभी वर्क सर्कल के अधिकारियों से कहा है कि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए सर्विस रोड का निर्माण कराएं। अथॉरिटी के सर्वे में एक बात सामने आई है कि मास्टरप्लान में कई सर्विस रोड ऐसी हैं, जिन पर अतिक्रमण है। अब उन्हें खाली कराकर सर्विस रोड बनाई जाएगी।

