n NBT रिपोर्ट, नोएडा : नोएडा के सेक्टर-146-147 से ग्रेटर नोएडा के एलजी चौक को जोड़ने के लिए बन रही लिंक रोड को नोएडा एक्सप्रेसवे से भी कनेक्ट किया जाएगा। इस मार्ग से आने वाले वाहनों को 45 मीटर रोड पार करनी होगी। इसके बाद वे सेक्टर-146 में बन रहे अंडरपास के जरिये एक्सप्रेसवे पर सीधे आ सकेंगे। जरुरत पड़ी तो 45 मीटर रोड पर एक ट्रैफिक सिग्नल भी लगाया जाएगा लेकिन यह तभी किया जाएगा। जब यहां ट्रैफिक की अव्यवस्था रहेगी अन्यथा बिना सिग्नल के ही रखा जाएगा। दरअसल,नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने के लिए हिंडन नदी पर पुल बन गया है। इस मार्ग के दोनों तरफ नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपने-अपने हिस्से में सड़क बना रहे हैं। यहां पुल बनाने का काम ब्रिज कॉरपोरेशन की ओर से किया जा रहा है। जुलाई में इसके खोले जाने की संभावना है। वहीं एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन लिंक रोड से 45 मीटर रोड पार करके अंडरपास में जाएंगे और वहां से दिल्ली की ओर निकल सकेंगे। वहीं जिन्हें ग्रेटर नोएडा, आगरा या लखनऊ जाना है, वे 45 मीटर रोड पार कर सर्विस रोड के जरिए एक्सप्रेस-वे पर पहुंच सकेंगे।

