पुलिस भर्ती: 75% ने दी परीक्षा, 5 FIR दर्ज, 3 को किया अरेस्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा प्रदेश के 75 जिलों में शांतिपूर्ण संपन्न हुई। 75% से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान गड़बड़ी के पांच मामले सामने आए। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आजमगढ़ में फर्जी सामग्री वायरल करने वाले को पकड़ा गया।

police recruitment exam 75 candidates appeared 5 firs registered 3 arrested

g NBT रिपोर्ट, लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा सोमवार को प्रदेश के 75 जिलों में 1183 केंद्रों पर 2 पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए बुलाए गए 9,62,832 अभ्यर्थियों में से 75.15% परीक्षार्थी यानी 7,23,540 शामिल हुए। हालांकि परीक्षा के दौरान गड़बड़ी और कथित पेपर लीक से जुड़े मामलों में प्रदेशभर में पांच एफआईआर दर्ज की गईं और तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

मोबाइल फोन के साथ पकड़ा 2 को पकड़ा: भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एवं डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि आजमगढ़ में इंस्टाग्राम यूजर आशुतोष कुमार मौर्य को फर्जी और भ्रामक सामग्री वायरल करने के आरोप में हिरासत में लिया गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं हापुड़ के पिलखुआ स्थित परीक्षा केंद्र पर अमरोहा निवासी सचिन को संदेह के आधार पर जांच के दौरान मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। वह बाथरूम जाने के बाद काफी देर तक वापस नहीं लौटा था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। गोरखपुर में बिहार के नालंदा निवासी राम प्रकाश कुमार को परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया।