n NBT न्यूज, नोएडा : सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी के निवासी एक वर्ष से गंगाजल की आपूर्ति से वंचित हैं। बिल्डर के बकाया राशि जमा न होने के कारण नोएडा प्राधिकरण ने गंगाजल सप्लाई शुरू नहीं की है। इससे हजारों निवासियों को बोरवेल के खारे और खराब गुणवत्ता वाले पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। एओए अध्यक्ष पल्लवी कौशिक ने बताया कि बिल्डर की ओर से गंगाजल मद में करीब 54 लाख रुपये की देनदारी लंबित है। बकाया राशि जमा न होने के कारण प्राधिकरण ने सोसायटी को गंगाजल की आपूर्ति नहीं दी है। लोगों को बोरवेल के पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जिसकी गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। उन्होंने बताया कि पानी को उपयोग योग्य बनाने के लिए एओए को सॉफ्टनर और फिल्ट्रेशन सिस्टम पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। कई निवासी पीने और घरेलू उपयोग के लिए बाहर से पानी खरीदने को मजबूर हैं, जिससे उनका खर्च बढ़ गया है। निवासियों का कहना है कि शहर की अन्य सोसायटियों में गंगाजल की नियमित आपूर्ति हो रही है, जबकि सुपरनोवा के लोग एक साल से इस सुविधा का इंतजार कर रहे हैं। इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण से कई बार शिकायत और पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। निवासियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही परियोजना पूरी करने और बकाया भुगतान संबंधी निर्देश दे चुका है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही बकाया राशि का निस्तारण होगा और गंगाजल आपूर्ति शुरू होगी।

