n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव : बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट करने के लिए निर्वाचन आयोग का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत विधानसभा क्षेत्र के 5 लाख 41 हजार मतदाताओं का वेरिफिकेशन किया जाएगा और नए पात्र युवाओं को भी सूची में शामिल किया जाएगा। अभी क्षेत्र के करीब 21 फीसदी मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है। ये जानकारी सोमवार को निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी व बादशाहपुर के SDM संजीव सिंगला ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। बताया कि एक जुलाई 2026 को क्वालीफाइंग तिथि मानते हुए 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का पंजीकरण किया जाएगा। बताया कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदाताओं का विवरण लेंगे। इस दौरान एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाए जाएंगे, फोटो सहित अन्य जानकारियां अपडेट की जाएंगी और नए मतदाताओं को फॉर्म-6 उपलब्ध कराया जाएगा।

