n NBT न्यूज, नोएडा : बढ़ती गर्मी के साथ-साथ सेक्टरों में पानी की समस्या बढ़ने लगी है। इस वजह से लोगों को बाजार से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। यह आर्थिक बोझ बढ़ा रहा है। हालांकि, पानी नहीं आने की समस्या को लेकर लोगों ने कई बार अधिकारियों को शिकायत दी है। उसके बाद भी पानी की समस्या बनी हुई है। सेक्टर-11, 12, 50, 121 सहित अन्य जगह पानी की सप्लाई नहीं हो रही। निवासियों का कहना है कि सुबह और शाम के समय पानी का दबाव बेहद कम रहता है, जिससे टंकी नहीं भर पा रहीं। कई सेक्टरों में लोगों को निजी टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है। सेक्टर-112 के सचिव भूषण शर्मा ने बताया कि इस संबंध में कई बार नोएडा प्राधिकरण और जल विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखकर शिकायत दी है।

