आंधी से गिरे बिजली के पोल, बावल में 48 घंटों से सप्लाई ठप, भड़के लोग

नवभारतटाइम्स.कॉम

बावल में आई आंधी से बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर गिर गए। पिछले 48 घंटों से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे पेयजल संकट भी गहरा गया है। गर्मी में बिजली-पानी की समस्या से परेशान लोगों ने बावल के माता चौक पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

bawal power outage due to storm supply still off after 48 hours people upset over drinking water crisis protested by blocking road

n NBT न्यूज, रेवाड़ी: दो दिन पूर्व आई आंधी ने बावल क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। आंधी में यहां बिजली के कई पोल, ट्रांसफॉर्मर व सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए। जिसके चलते बावल में पिछले 48 घंटों से बिजली गुल है। इससे पेयजल संकट भी गहरा गया है। परेशान लोगों ने गुरुवार को बावल में जाम लगाकर विरोध दर्ज कराया। मौके पर पुलिस बल को बुलाना पड़ा।

बता दें कि बीते मंगलवार की शाम आए तूफान और तेज बारिश के चलते बावल क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों में बिजली पोल व ट्रांसफॉर्मर गिर गए, जिससे बिजली गुल हो गई। दो दिन चले ब्लैकआउट के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया। भीषण गर्मी में बिजली-पानी के संकट से लोगों का सब्र टूट गया। परेशान लोगों ने बावल के माता चौक पर प्रशासन को जगाने के लिए जाम लगा दिया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया। सूचना मिलते ही बावल थाने के पुलिस अधिकारी फूल कुमार दलबल सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। महिलाओं ने बिजली-पानी की आपूर्ति तक जाम लगाए रखने की धमकी दी। मौके पर बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी पहुंचे। फूल कुमार ने उन्हें फटकार लगाते हुए तुरंत बिजली सप्लाई बहान करने के निर्देश दिए। जिसके बाद महिलाओं ने जाम खोल दिया।