अंधविश्वास में पति की छुड़वाई नौकरी

नवभारत टाइम्स

नोएडा की एक महिला ने अपनी बहू और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि बहू खुद पर नौ शक्तियों का साया बताकर बेटे से करीब 16 लाख रुपये ऐंठ चुकी है। बहू पर 35 लाख रुपये के गहने लेकर भागने का भी आरोप है।

due to superstition daughter in law got husbands job quit lakhs of rupees extorted
नोएडा के सेक्टर-121 में एक महिला ने अपनी बहू और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से बहू खुद पर नौ शक्तियों और नौ माताओं का साया होने का दावा करती है और इसी बहाने बेटे से करीब 16 लाख रुपये ऐंठ लिए। बहू डॉक्टर के बजाय तांत्रिक के पास इलाज कराने जाती है। साथ ही, बहू करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने लेकर चली गई, जिन्हें वापस नहीं किया गया। महिला का कहना है कि पूजा (बहू) ने अपने परिवार के साथ मिलकर इन गहनों को हड़प लिया।

यह मामला नोएडा के सेक्टर-121 की एक सोसायटी से सामने आया है। एक महिला ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की शादी दिल्ली के मयूर विहार की रहने वाली एक महिला से हुई थी। आरोप है कि शादी से पहले बहू की गंभीर मानसिक बीमारी की बात छिपाई गई थी। महिला का बेटा अमेरिका में नौकरी करता था और शादी के बाद बहू भी उसके साथ वहीं रहने चली गई। आरोप है कि अमेरिका में भी बहू खुद पर नौ शक्तियों और नौ माताओं का साया होने की बात कहकर झूमने लगी। उसने बेटे पर दबाव डालकर उसकी नौकरी भी छुड़वा दी।
साल 2021 में जब वे भारत आ रहे थे, तब फ्लाइट में बहू झूमने लगी और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। उसने अपने परिवार को वॉट्सऐप पर मैसेज किया कि उसके साथ नौ शक्तियां और नौ माताएं चल रही हैं और देवी-देवता उसे भारत ला रहे हैं। भारत आने के बाद, बहू मूर्ति के सामने खुद को झकझोरने और सिर पीटने लगी। महिला का आरोप है कि इलाज कराने के बजाय, बहू के परिवार ने अंधविश्वास और तांत्रिक गतिविधियों का सहारा लिया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बहू के घर वालों ने उनके बेटे से अलग-अलग बहानों से करीब 16 लाख रुपये वसूल लिए। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो बहू के घर वालों ने उनके घर में घुसकर मारपीट और हंगामा किया। 22 सितंबर 2024 को बेटे पर जानलेवा हमला करने का भी आरोप है, जिसकी मेडिकल रिपोर्ट भी होने की बात कही गई है। इसके बाद, 19 नवंबर 2024 को आरोपियों ने फिर से घर में घुसकर मारपीट की, सामान लूटा और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की गई।

शुरुआत में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद महिला ने अदालत की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। महिला का कहना है कि उनकी बहू घर से करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने बहाने से लेकर चली गई, जिन्हें आज तक वापस नहीं किया गया। आरोप है कि पूजा ने अपने माता-पिता और भाई-बहन के साथ मिलकर इन गहनों का गबन कर लिया है। यह पूरा मामला अंधविश्वास, धोखाधड़ी और मारपीट का है, जिसकी जांच अब पुलिस कर रही है।

रेकमेंडेड खबरें