NBT रिपोर्ट, मेरठ: बरेली के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सुरंग बनाकर तांबा चोरी करने वाले गैंग का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। तड़के बंडिया नहर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 28 अप्रैल को सिविल लाइंस निवासी शिवानी जैन की फर्म पद्मावती असोसिएट्स के गोदाम से करीब दो टन कॉपर स्क्रैप चोरी हुआ था। बदमाशों ने गोदाम की दीवार के पास जमीन में सुरंग बनाकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी गए माल की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई थी।
घटना के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी का माल बेचने के लिए ई-रिक्शा से झुमका तिराहा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे, इसी दौरान उनका ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। मौके से निजाम, अब्दुल समी और मोहम्मद खालिद को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों महेशपुर गांव के रहने वाले हैं। घायल आरोपियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

