nNBT न्यूज, लखनऊ : हुसैनगंज पुलिस ने मादक पदार्थ के पांच सदस्यों को बुधवार सुबह गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से भारी मात्रा में ऑर्गेनिक गांजा बरामद हुआ है। इसकी कीमत इंटरनैशनल मार्केट में कीमत 2.76 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
थाना प्रभारी हुसैनगंज शिवमंगल सिंह ने बताया कि आरोपित गोरखपुर निवासी प्रियांशू तिवारी, गोरखपुर निवासी राहुल शर्मा, गुजरात निवासी बृजेश राठौर, कोलकाता निवासी रविकांत त्रिपाठी, गोरखपुर निवासी दीपक त्यागी को बाल विद्या मंदिर स्कूल के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के कब्जे से 2 किलो 7 सौ ग्राम ऑर्गेनिक और पांच किलो नॉर्मल गांजा और स्कॉर्पियो बरामद हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित रविकांत त्रिपाठी बैंकाक (थाईलैंड) में रहता है। उसने गांजे की खेप बैंकाक में बृजेश को दी थी। रविकांत 4 मई को और बृजेश अगले दिन लखनऊ आया था। यहां दोनों एक होटल में रुके थे। रविकांत ने अपने साथी प्रियांशु व अन्य साथियों को बुलाया। राहुल ने बृजेश से गांजा लेकर ठिकाने लगाया था। पुलिस के मुताबिक आरोपितों का संगठित गैंग है। जो पिछले कई वर्षों से मादक पदार्थ का कारोबार कर रहा है।
आरोपित बैंकाक से गांजा लेकर फ्लाइट से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर गांजे की खेप लेकर एयरपोर्ट से बाहर भी आ गए। आरोपितों ने ये कैसे किया इसकी जानकारी की जा रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपित दीपक त्यागी मादक पदार्थ का फुटकर विक्रेता है। उसे गांजा लेकर दीपक के साथ दिल्ली जाना था। दिल्ली में वह गांजा फुटकर में बेचता है। बिक्री के रुपयों को आरोपित आपस में बांटते हैं।

