n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
पुलिस ने कंपनी की अटैच संपत्ति की अवैध रजिस्ट्री कराने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की शिकायत 14 मार्च 2024 को नायब तहसीलदार की ओर से दी गई थी। आरोप था कि PGF Limited की सुशांत लोक फेज थ्री में संपत्ति है जिसे सीज किया गया है। संपत्ति सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित कमिटी के नियंत्रण में है। आरोप है कि फर्जी तरीके से नकली डॉक्यूमेंट के आधार पर इस संपत्ति की रजिस्ट्री करवा ली गई। सेक्टर-56 थाना पुलिस ने यह केस दर्ज किया। इस मामले में आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने जांच के दौरान नेपाल के राजेंद्र सिंह को अरेस्ट किया है। उसने फर्जी तरीके से अपने आप को रविंद्र प्रसाद बता यह रजिस्ट्री करवाई। पुलिस ने आरोपी को बंगलूरू से अरेस्ट किया है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार हुआ आरोपी दिल्ली में गार्ड की नौकरी करता है। उसने कंपनी के नाम से करंट अकाउंट खुलवाकर उसमें ठगी की रकम जमा करवाई। इसके एवज में उसे पांच लाख रुपये मिले थे। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस की ओर से आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

