बिना लाइसेंस रिहायशी इलाके में चल रहे होटल के खिलाफ FIR दर्ज

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के वेदराम कॉलोनी में रिहायशी इलाके में चल रहे एक OYO होटल पर पुलिस ने FIR दर्ज की है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर कार्रवाई हुई। होटल मालिक वैध लाइसेंस और जरूरी कागजात पेश नहीं कर सका। पुलिस ने मौके पर पांच कपल्स को भी पाया। नियमों के उल्लंघन पर मामला दर्ज किया गया है।

बिना लाइसेंस रिहायशी इलाके में चल रहे होटल के खिलाफ FIR दर्ज

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

पल्ला थाना क्षेत्र की वेदराम कॉलोनी में रिहायशी इलाके के बीच संचालित एक OYO होटल को लेकर स्थानीय लोगों के विरोध के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए मामला दर्ज कर लिया है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि गली नंबर 6-7 के बीच स्थित यह होटल लंबे समय से बिना अनुमति के चल रहा था, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा था। शिकायतकर्ता राजू उर्फ राजकुमार ने अन्य निवासियों के साथ थाने में लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि यह इलाका पूरी तरह रिहायशी है, जहां किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद होटल का संचालन किया जा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, होटल में आए दिन लड़के-लड़कियों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे आसपास के लोगों, खासकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान होटल के कमरों में पांच कपल्स ठहरे मिले, जिन्होंने पहचान के लिए वैध आईडी प्रस्तुत की। पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया गया। मौके पर मौजूद स्टाफ से संपर्क करने पर होटल मालिक सोनू दहिया को बुलाया गया, लेकिन वह होटल संचालन से संबंधित वैध लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं कर सका। साथ ही, बिल्डिंग के कमर्शल उपयोग (CLU) से जुड़े कागजात भी उपलब्ध नहीं थे। प्रथम दृष्टया नियमों के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

रेकमेंडेड खबरें