सिर में गोली मारकर की गई थी हिस्ट्रीशीटर की हत्या

नवभारतटाइम्स.कॉम

सुशांत गोल्फ सिटी में हिस्ट्रीशीटर सचिन उर्फ कालिया की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव अवध विहार योजना में मिला। पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि हुई है। हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका गया। पुलिस ने 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

सिर में गोली मारकर की गई थी हिस्ट्रीशीटर की हत्या

nNBT न्यूज, सुशांत गोल्फ सिटी

सुशांत गोल्फ सिटी थानाक्षेत्र में मंगलवार सुबह हिस्ट्रीशीटर की हत्या सिर में गोली मारकर की गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई थी। पुलिस के मुताबिक हत्या कहीं और करने के बाद करीब 24 घंटे बाद शव अवध विहार योजना में फेंका गया था। इस मामले में पुलिस ने 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सेक्टर-8 अवध विहार योजना में मंगलवार सुबह स्कूल के पीछे पीजीआई के रेवतापुर निवासी हिस्ट्रीशीटर सचिन उर्फ कालिया (30) का शव पड़ा था। पुलिस के मुताबिक सचिन के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। पीजीआई पुलिस उसे जिला बदर अपराधी घोषित कर चुकी थी। सचिन अपने चचेरे भाई रोहित यादव की हत्या के मामले में जेल गया था। हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। मंगलवार शाम उसके दोस्त शव लेकर घर पहुंचे। सचिन के पिता दिनेश यादव हत्या के एक मामले में जेल में बंद हैं। इसकी वजह से भाई विवेक की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करवाया गया।

दूसरी ओर पुलिस ने धावाहर गांव से दो और रेवतापुर से कई लोगों को हिरासत में लिया है। डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गोली मारकर हत्या की पुष्टि हुई है। कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

रेकमेंडेड खबरें