n NBT न्यूज, नूंह
तावड़ू थाना एरिया के गांव धूलावट के पास कुंडली मानेसर पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 4 पुलिस कर्मचारियों सहित पांच लोगों के शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिए गए। बुधवार सुबह पुलिस कर्मचारियों के शव उत्तर प्रदेश के जालौन में पुलिस लाइन पहुंचे। जहां सभी को अंतिम सलामी दी गई। इसके बाद शहीद स्मारक में डीजी आलोक सिंह, IG आकाश कुलहरी और डीएम राजेश पांडेय सहित सभी पुलिसकर्मियों ने कंधा दिया। श्रद्धांजलि के बाद पुलिसकर्मियों के शव परिवारों को सौंप दिए गए। इसके बाद वे अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए। डीजी आलोक कुमार ने कहा चारों पुलिसकर्मियों के एक-एक सदस्य को नौकरी और 1.90-1.90 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले कांस्टेबल प्रदीप की शादी बीते 28 फरवरी को हुई थी।
इधर, तावड़ू सदर थाना पुलिस ने जालौन के एक पुलिस अधिकारी की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि KMP एक्सप्रेसवे पर धुलावट टोल प्लाजा के पास मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी सामने खड़े वहां से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखचे उड़ गए। जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के 4 जवानों सहित 5 की मौत मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान उरई चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर मोहित यादव, सब इंस्पेक्टर सत्यभान, सिपाही अशोक और प्रदीप के रूप में हुई। वहीं गाड़ी चला रहे मृतक की पहचान अमरीक सिंह निवासी बसेरा जिला संगरूर पंजाब के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त एक डंपर ड्राइवर डंपर को केएमपी पर खड़ा करके कुछ सामान खरीदने नीचे दुकान पर गया हुआ था। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खड़े डंपर से टकरा गई। डंपर चालक वाहन सहित फरार है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

