n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
शहर के व्यस्त आंबेडकर चौक इलाके में मंगलवार देर रात एक मोबाइल शोरूम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में शोरूम के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 70 से 75 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, आंबेडकर चौक के पास हर्षित नामक व्यक्ति का मोबाइल फोन व इलेक्ट्रानिक शोरूम है, जहां रात करीब 2 बजे अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत शोरूम के पिछले हिस्से से हुई और देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि स्टीक कारणों की जांच अभी जारी है। इस शोरूम में बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, एसेसरीज, कूलर, पंखे, एसी समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था। आग लगते ही ये सभी सामान तेजी से चपेट में आ गए और कुछ ही समय में पूरी दुकान धुएं और लपटों से भर गई। आसपास के लोगों ने जब दुकान से धुआं उठता देखा तो तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर बिग्रेड कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास की दुकानों तक लपटें नहीं पहुंचीं और बड़ा हादसा टल गया।

