n NBT रिपोर्ट, खेड़कीदौला
शहर के खेड़कीदौला थाना एरिया में बुधवार सुबह एक महिला का शव पुलिस ने बरामद किया। जांच के बाद यह बात सामने आई कि पति ने ही महिला के चरित्र पर शक के चलते चाकू से वारकर हत्या की और शव गांव से बाहर फेंक दिया। आरोपी वारदात के बाद से फरार है। पुलिस ने मामले में शिकायत के बाद आरोपी को नामजद करते हुए हत्या का केस दर्ज कर लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही अरेस्ट कर लिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, बरेली के गौरव (35) अपनी पत्नी रेखा (30) के साथ गांव भांगरौला में किराये पर रहता था। दोनों ही मानेसर में अलग-अलग कंपनी में काम करते थे। आरोपी गौरव 10 दिन पहले ही 13 साल की बेटी और सात साल के बेटे को गांव छोड़कर आया था। मंगलवार रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ, इसके बाद उसने चाकू से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। खेड़कीदौला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी को जल्द ही अरेस्ट कर लिया जाएगा।

