क्रेडिट कार्ड अपडेट के बहाने ऐंठ लिए पौने दो लाख रुपये

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं। एक महिला से क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर पौने दो लाख रुपये ठगे गए। वहीं, टेलीग्राम टास्क के बहाने एक महिला से सवा लाख रुपये की ठगी हुई। पुलिस ने इन मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

woman duped of nearly two lakh rupees in the name of credit card update another case of cyber fraud

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

शहर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां सेक्टर-16ए स्थित हीवो अपार्टमेंट निवासी महिला को ठगों ने क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर निशाना बनाते हुए 1.75 लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल फरीदाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि 11 अप्रैल को दोपहर करीब 3:12 बजे उनके पास एक कॉल आई, कॉल करने वाले ने स्वयं को एक निजी बैंक के क्रेडिट कार्ड कॉल सेंटर का कर्मचारी बताया और कार्ड से संबंधित कुछ सुविधाएं सक्रिय करने की बात कही। उसने उन्हें एक बैंकिंग ऐप खोलने के लिए कहा, जिससे उन्हें यह प्रक्रिया आधिकारिक लगी और उन्होंने उसकी बातों पर भरोसा कर लिया। कुछ देर बाद वह ऐप अचानक बंद हो गया। इसके बाद आरोपी ने वॉट्सऐप के माध्यम से एक लिंक भेजा और उसमें अपनी बेसिक जानकारी भरने को कहा। जैसे ही पीड़िता ने लिंक में जानकारी दर्ज की, उनके मोबाइल पर 1,75,370 रुपये कटने का मेसेज आ गया। यह ट्रांजैक्शन करीब 3:45 बजे हुआ। अचानक खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने पर पीड़िता घबरा गईं। घटना का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत अपना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया और 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

मुनाफे का झांसा देकर ठगी में दो गिरफ्तार

n NBT न्यूज, फरीदाबाद : साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अर्जुन और चंद्रशेखर के रूप में हुई है, जो यूपी के बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-85 निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर अलग-अलग टास्क दिए गए।

27 जुलाई से 30 जुलाई के बीच टास्क पूरा करने के नाम पर उससे अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.27 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। टास्क पूरा होने के बावजूद उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला, बल्कि बाद में और रकम की मांग की गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि चंद्रशेखर ने अर्जुन का बैंक खाता लेकर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें इस मामले से जुड़े 18 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने आरोपी अर्जुन को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि चंद्रशेखर को आगे की पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

रेकमेंडेड खबरें