nNBT न्यूज, हापुड़ : थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के नैशनल हाइवे-9 पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को बदायूं के गांव करनपुर निवासी सूरजपाल पत्नी सरोज और बेटे प्रियांशु के साथ बाइक से मुरादाबाद से दिल्ली जा रहे थे। बाबूगढ़ के ततारपुर के पास नैशनल हाइवे-9 पर तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पति को मेरठ रैफर कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि बेटे प्रियांशु का उपचार देवनंदिनी अस्पताल में चल रहा है।

