n NBT रिपोर्ट, नोएडा : प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्र ने शहरवासियों, अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से स्व-जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की है। उन्होंने हाउसिंग सोसायटियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में कहा कि जनगणना केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण अवसर है। यदि प्रत्येक नागरिक इस अभियान से जुड़ेगा, तो नोएडा पूरे उत्तर प्रदेश में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करेगा।
यह ऑनलाइन प्रक्रिया 7 मई से 21 मई 2026 तक संचालित की जा रही है। नागरिक निर्धारित अवधि में जनगणना पोर्टल se.census.gov.in पर लॉग-इन कर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट के अनुसार, यह व्यवस्था प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में सहायक होगी। ऑनलाइन विवरण दर्ज करने के बाद एक विशेष स्व-जनगणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। बाद में घर-घर आने वाले प्रगणक को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने जोर दिया कि यह सभी जनपदवासियों का सामूहिक दायित्व और साझा संकल्प है, जिससे नोएडा की सटीक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

