n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष और मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जिले भर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यक्रम नोएडा सेक्टर-45 स्थित ग्राम सदरपुर के प्राचीन श्री वोड़ेश्वर महादेव मठ में आयोजित हुआ। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चारण से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण रहा, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से देखा और भारतीय सांस्कृतिक विरासत व राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़े विचारों को सुना।
वक्ताओं ने सोमनाथ मंदिर के संघर्षपूर्ण इतिहास और उसके गौरवमयी पुनरुत्थान पर प्रकाश डालते हुए इसे भारतीय आस्था का प्रतीक बताया। जिले के अन्य शिवालयों में भी भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष महेश चौहान, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत और खंड विकास अधिकारी बिसरख आदि मौजूद रहे।

