CGST ने उजागर की 18 करोड़ की टैक्स चोरी, दो आरोपी अरेस्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम

गाजियाबाद में सीजीएसटी की बड़ी कार्रवाई हुई है। एक अवैध पान मसाला और तंबाकू फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। इस रैकेट से 18 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है। मुख्य आरोपी संचित सेठ और मोहसिन खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है।

18 crore tax evasion uncovered cgst arrests two from pan masala factory

n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद

केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर ( CGST ) के अधिकारियों ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। साहिबाबाद के वृंदावन गार्डन स्थित एक आवासीय परिसर से अवैध रूप से संचालित की जा रही पान मसाला और चबाने वाले तंबाकू की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का पर्दाफ़ाश किया है। यह पूरी फैक्ट्री बिना किसी अनिवार्य पंजीकरण के चल रही थी। सीजीएसटी अधिनियम, 2017 और एचएसएनएस (HSNS) अधिनियम, 2025 के प्रावधानों के तहत की गई इस छापेमारी के दौरान मौके पर CITI पान मसाला और AJ-07 तंबाकू उत्पाद ों की पैकिंग में लगी दो पाउच-पैकिंग मशीनें और एक सीलिंग मशीन चालू हालत में मिली। अधिकारियों ने मौके से भारी मात्रा में तैयार माल, कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री, मशीनरी और आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। इसके अलावा, परिसर से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के तंबाकू उत्पाद भी बरामद किए गए हैं। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि इस जगह से बिना किसी रजिस्ट्रेशन और बिना टैक्स/सेस चुकाए बड़े पैमाने पर पान मसाला और तंबाकू उत्पादों का अवैध निर्माण और उनकी सप्लाई की जा रही थी। शुरुआती अनुमानों के अनुसार, यह पता लगा है कि इस पूरे रैकेट के जरिए 17.88 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व (राजकीय टैक्स और सेस) की चोरी की गई है, जबकि जीएसटी देनदारी का अंतिम मूल्यांकन होना अभी बाकी है। इस गंभीर वित्तीय अपराध के मद्देनजर मुख्य आरोपी संचित सेठ और मोहसिन खान को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अपर आयुक्त साहिल सेठ और सहायक आयुक्त खुशबू ओबेरॉय ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस अवैध नेटवर्क की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान करने के लिए आगे की कार्रवाई तेजी से जारी है।