n NBT न्यूज, मोदीनगर
फरीदनगर में 14 बीघा जमीन के सौदे में करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि साझेदार ने साथी के बीमार होने का फायदा उठाकर 20 करोड़ रुपये की जमीन का सौदा हड़प लिया और फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन किसी अन्य के नाम करा दी। बैनामे में एक ही व्यक्ति को अलग-अलग नामों से गवाह दिखाने और जिलाबदर व्यक्ति को गवाह बनाने का भी आरोप है। डीसीपी ग्रामीण के आदेश पर मोदीनगर कोतवाली में आरोपी साझेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
सीकरी खुर्द निवासी नीटू चौधरी प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े हैं। उन्होंने साझेदार अरूण शर्मा के साथ वर्ष 2024 में फरीदनगर स्थित 14 बीघा जमीन का 20 करोड़ रुपये में सौदा तय किया था। सौदे के तहत ढाई करोड़ रुपये बयाने के रूप में दिए गए थे। बाद में जमीन के बैनामे का अनुबंध भी हो गया। इसी दौरान नीटू की तबीयत बिगड़ गई। इसी का फायदा उठाकर अरूण शर्मा ने उक्त जमीन का बैनामा अन्य के नाम करा दिया।


