nNBT रिपोर्ट, लखनऊ
लखनऊ मंडल के जिलों में जनसेवा केंद्र निष्क्रिय पाए गए हैं। इस पर मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सभी केंद्रों को सक्रिय कराने के निर्देश दिए। शुक्रवार को आयुक्त सभागार में आयोजित विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य पूर्ति और कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की गई। बैठक में अपर आयुक्त शिवाकांत द्विवेदी समेत सभी जिलों के डीएम और सीडीओ वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
मंडलायुक्त ने अंत्येष्टि स्थल निर्माण कार्यों की समीक्षा में सीतापुर को छोड़ अन्य जिलों में कार्य पूर्ण होने पर संतोष जताया, लेकिन पिछले वित्तीय वर्ष के लंबित कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और पंचायत सहायकों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू कर रिक्त पद भरने के निर्देश दिए।


