n NBT न्यूज, दनकौर : ग्रेनो स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी के बीटेक छात्र के साथ दनकौर में मारपीट की वारदात सामने आई है। मूल रूप से मऊ निवासी पीड़ित रवि राजभर दनकौर कस्बे में किराये पर रहते हैं। रवि ने पुलिस को बताया कि बुधवार को जब वह यूनिवर्सिटी से लौट रहे थे, तभी गुरु द्रोणाचार्य मंदिर के पास विपुल वैभव, शिवम और साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने लात-घूंसों और लोहे के पंच से उन पर हमला कर उन्हें गंभीर घायल कर दिया। जान बचाकर भागे छात्र ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी आरोपी फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


