n NBT रिपोर्ट, नोएडा : सेक्टर 125 स्थित रियल एस्टेट कंपनी बुलमेन रियल्टी इंडिया' की बेंगलुरु शाखा में करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी प्रतिनिधि मोहित चौधरी की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद सेक्टर 126 थाने में ब्रांच हेड शिवानी श्रीमल, सेल्स हेड भरत एन, पूर्व कर्मी सी. अश्वथ कुमार और कवलदीप कौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि शिवानी श्रीमल ने अपनी घरेलू सहायिका कवलदीप कौर के नाम पर अवैध रूप से अलग रेरा रजिस्ट्रेशन कराया था। ये लोग कंपनी के ग्राहकों की बुकिंग आधिकारिक रिकॉर्ड के बजाय कवलदीप की आईडी पर करते थे। इसके जरिए बिल्डरों से मिलने वाली करोड़ों की ब्रोकरेज रकम सहायिका के खाते में मंगवाकर आरोपी आपस में बांट लेते थे। राजीव गुप्ता नामक ग्राहक की बुकिंग में भी निजी आईडी के उपयोग का खुलासा हुआ है। शुरुआत में भरत एन ने एचआर विभाग को जानकारी दी थी, लेकिन बाद में बयान से पलट गया। पुलिस अब बैंक खातों की जांच कर साक्ष्य जुटा रही है।


