बीच सड़क युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के एसजीएम नगर में एक युवक पर बीच सड़क चाकू से हमला हुआ। युवक अपने बीमार दोस्त को अस्पताल ले जा रहा था। रास्ता रोकने पर हमलावरों ने उस पर तेजधार हथियार से वार किया। युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है।

faridabad youth attacked with knife in middle of road incident occurred while taking friend to hospital condition serious

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

एसजीएम नगर थाना क्षेत्र में मेहता चौक के पास एक युवक पर कुछ अज्ञात युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक अपने बीमार दोस्त को अस्पताल लेकर जा रहा था। घटना के बाद उसे पहले बीके अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसजीएम नगर निवासी समरेंद्र कौशल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह नीलम चौक पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स के शोरूम में काम करता है। 19 मई की रात उसका दोस्त विक्की अचानक बीमार हो गया था। इसके बाद वह अपने दोस्त आशु के साथ ऑटो में विक्की को इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर जा रहा था। समरेंद्र के अनुसार रात करीब 11 बजे जब उनका ऑटो एनएच-4 स्थित मेहता चौक के पास पहुंचा तो सड़क पर 4-5 युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। झगड़े के कारण रास्ता बाधित था। उसने ऑटो में बैठे-बैठे युवकों से साइड होने के लिए कहा ताकि वे अस्पताल जा सकें। आरोप है कि इतना कहते ही युवक भड़क गए और ऑटो के पास पहुंचकर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि जब वह खुद को बचाने के लिए ऑटो से उतरकर भागने लगा तो हमलावरों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की जांच कर रहे एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास हो रहा है।