n NBT न्यूज, दनकौर : अस्तौली गांव में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से बनाए जा रहे डंपिंग ग्राउंड के विरोध में किसानों का धरना लगातार जारी है। किसान 12 अप्रैल से धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। किसानों का कहना है कि डंपिंग ग्राउंड बनने से आसपास के गांवों में प्रदूषण और बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा। इसके अलावा यहां का वातावरण और खेती भी प्रभावित होगी। किसानों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसान नेता सूरज भाटी ने कहा कि किसानों की दो प्रमुख मांगें हैं। पहली, प्रस्तावित डंपिंग ग्राउंड को यहां से हटाया जाए और दूसरी, यदि इसे नहीं हटाया जाता तो आसपास के नौ गांवों को वहां से विस्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और प्राधिकरण से कोई संतोषजनक पहल नहीं की गई है।


