n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने गरीबों के राशन की कालाबाजारी , घटतौली और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राशन वितरण और उपभोक्ता हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाकर उन्हें जेल भेजा जाएगा।
खाद्य मंत्री विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक में उन्होंने चेतावनी दी कि अधिकारी और कर्मचारी यह स्पष्ट रूप से समझ लें कि लापरवाही, भ्रष्टाचार को संरक्षण देने या शिकायतों की अनदेखी करने की स्थिति में उनकी जवाबदेही तय की जाएगी। दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, मजदूर और पात्र लाभार्थियों के अधिकारों की रक्षा करना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है। साथ ही, उन्होंने ऑइल एजेंसियों को निर्देश दिए कि तेल और गैस की खपत को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।


