n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : जून महीने का मुफ्त राशन , कार्ड धारकों को 25 मई से उचित दर की दुकानों से वितरित किया जाएगा। यह वितरण 10 जून 2026 तक होगा। जून के राशन में यूपी के 41 चिह्नित जिलों में गेहूं व चावल के साथ मोटे अनाज (ज्वार, बाजरा व मक्का) का भी वितरण उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा। खाद्य आयुक्त रणवीर प्रसाद की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है।
आदेश के मुताबिक, जिन 41 जिलों में गेहूं और चावल के साथ उपलब्धता के आधार पर मोटा अनाज वितरित किया जाएगा। उनमें आगरा, अलीगढ़, अमरोहा, औरैया, बहराइच, बलिया, बांदा, बरेली, बदायूं, बुलंदशहर, चित्रकूट, एटा, इटावा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद, गौतमबुद्धनगर, गाजीपुर, गोंडा, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, जालौन, जौनपुर, झांसी, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कासगंज, कौशांबी, ललितपुर, महोबा, मैनपुरी, मथुरा, मीरजापुर, प्रयागराज, रायबरेली, रामपुर, संभल, शाहजहांपुर और उन्नाव जिले हैं।
इन जिलों में मोटे अनाज के साथ अंत्योदय श्रेणी के कार्ड धारकों को प्रति कार्ड 35 किलोग्राम राशन और पात्र गृहस्थी श्रेणी के कार्ड धारकों को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम राशन मुफ्त दिया जाएगा। इन 41 जिलों के अलावा अन्य जिलों में पूर्व की भांति खाने की आदत के मुताबिक गेहूं और चावल का मुफ्त वितरण होगा। लेकिन, यहां भी अंत्योदय श्रेणी के राशन कार्ड धारकों को प्रति कार्ड 35 किलोग्राम राशन और पात्र गृहस्थी श्रेणी के कार्ड धारकों को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम राशन ही दिया जाएगा।


