पीटीआई, नई दिल्ली : भारत ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) में चीन की उस मांग पर रोक लगा दी है, जिसमें चीन ने भारत के सोलर सेल, मॉड्यूल और आईटी सेक्टर को मिलने वाली सरकारी मदद के खिलाफ एक जांच पैनल बनाने को कहा था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। चीन ने WTO की विवाद निपटान संस्था से मांग की थी। पिछले साल दिसंबर में चीन ने भारत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आपसी बातचीत से कोई समाधान नहीं निकल पाया। जिनेवा में एक अधिकारी ने बताया कि भारत ने पैनल बनाने की चीन की मांग को ठुकरा दिया है। भारत ने चीन पर तंज कसते हुए कहा कि यह बड़े ताज्जुब की बात है कि जो देश पूरी दुनिया की सोलर वैल्यू चेन पर 80 प्रतिशत से ज्यादा कब्जा जमाए बैठा है, वह दूसरे देशों में इस इंडस्ट्री की जायज तरक्की को रोकने की कोशिश कर रहा है।


