nNBT न्यूज़, नगराम : पंद्रह साल से जलभराव झेल रहे नगराम क्षेत्र के किसानों को राहत मिली है। ऊसर सुधार, उन्नाव ने नदौली इंटरनैशनल ड्रेन की सफाई शुरू कर दी है, जिससे किसान खुश हैं। किसानों ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के प्रयासों की सराहना की है। हालांकि संगठन ने अधूरी सफाई पर चिंता जताई। मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह ने बताया कि ऊसर सुधार को लखनऊ सीमा तक साढ़े पांच किमी सफाई करनी है। आगे यही ड्रेन बिजरा ड्रेन कहलाती है, जिसकी करीब दस किमी सफाई सिंचाई खंड प्रतापगढ़ के पास है। संगठन जल्द अधिशासी अभियंता प्रतापगढ़ से मिलेगा। किसान नेता ने चेतावनी दी कि पूरी सफाई न होने पर प्रमुख सचिव सिंचाई से मिलकर आंदोलन होगा।


