निवेश की योजना बनाते समय एक ऐसा जरूरी पहलू है, जिसे हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। वह है, जरूरी दस्तावेजों का रखरखाव। शुरुआत में यह काम बहुत उबाऊ लग सकता है, लेकिन सही वित्तीय दस्तावेजों की कमी मुसीबत भी खड़ी कर सकती है। आपके पूरे निवेश के मालिकाना हक पर सवाल खड़े हो सकते हैं। दस्तावेजों को सहेजने की मेहनत शुरू में ज्यादा लग सकती है, लेकिन यह भविष्य में होने वाले मानसिक तनाव और भारी नुकसान से कई गुना कम है।
टालमटोल की आदत दस्तावेजों को सहेजने में सबसे बड़ी बाधा होती है। जब कोई स्टेटमेंट सामने आता है, तो लोग सोचते हैं कि अभी इसे टेबल पर रख देता हूं, वीकेंड पर फाइल में लगा दूंगा। कई लोगों को इस बात का अंदाजा ही नहीं होता कि कौन सा दस्तावेज कितना महत्वपूर्ण है। उन्हें लगता है कि अगर कोई निवेश डिजिटल है, तो उसकी रसीद या पुराने कागजात संभालकर रखने की क्या जरूरत? वे नहीं जानते कि मच्योरिटी के समय या किसी अनहोनी के वक्त क्लेम पाने के लिए इनकी कितनी सख्त जरूरत पड़ सकती है। डिजिटल डॉक्यूमेंट्स ईमेल के इनबॉक्स में खोए रहते हैं और फिजिकल पेपर कभी अलमारी में, कभी दराज में तो कभी बेड के अंदर पड़े होते हैं। जब एक व्यवस्थित फाइलिंग सिस्टम नहीं होता, तो चीजें आसानी से खो जाती हैं। अक्सर परिवार में कोई एक ही व्यक्ति वित्तीय मामलों को संभालता है। वह सारे दस्तावेज कहां कैसे रख रहा है, इसकी जानकारी परिवार के बाकी सदस्यों को नहीं होती। ऐसे में अगर उस व्यक्ति को कुछ हो जाए या वह शहर से बाहर हो, तो बाकी लोगों को जरूरी कागजात ढूंढने में भारी परेशानी होती है।
परिवार के लोगों के पास संपत्तियों के बारे में स्पष्ट तस्वीर होनी चाहिए। सही दस्तावेज होने से उन्हें आगे चलकर संपत्ति हासिल करने में मदद मिलती है। उन्हें यह नजरिया भी मिलता है कि पैसे को किस तरह मैनेज करना है। इन दस्तावेजों को जरूरत पड़ने पर बैंक या सरकारी अधिकारी मांग सकते हैं। मांगे जाने पर सही कागजात नहीं मिल पाता है तो कानूनी विवाद का सामना करना पड़ सकता है। हमारे पास निवेश की एक लिस्ट होनी चाहिए, जिसमें लिखा हो कि कितना निवेश है, उसे किस तारीख को और कितने में खरीदा गया था। इसकी मुख्य फाइल को पासवर्ड प्रोटेक्शन के साथ ऑनलाइन भी रखा जाए तो बेहतर। कम से कम पिछले 5 वित्तीय वर्षों के टैक्स रिटर्न फॉर्म संभालकर रखने चाहिए। दस्तावेजों में ब्यौरा भी एक जैसा हो, इसका ध्यान रखा जाना चाहिए।


