n NBT न्यूज, लोनी
अंकुर विहार थाना एरिया की चमन विहार कॉलोनी में पिछले पंद्रह दिनों से बिजली की किल्लत झेल रहे कॉलोनीवासियों के सब्र का पारा टूट गया। 250 केवी के जले ट्रांसफाॅर्मर को न बदलने पर गुस्साए लोगों ने सभासद जीतू के नेतृत्व में डीएलएफ बिजलीघर का घेराव किया। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। लोनी विधायक द्वारा लोगों को ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता वृद्धि और नया ट्रांसफाॅर्मर लगाने का आश्वासन दिए जाने पर लोग लौटे। शुक्रवार को ट्रांसफाॅर्मर फुंक गया था। लोगों ने मामले की शिकायत बिजली विभाग के अधिकारियों से की। क्षमता बढ़ाकर नया ट्रांसफाॅर्मर लगवाने की मांग की। शनिवार सुबह बिजली आपूर्ति सुचारू न होने से लोगों के घरों में पानी खत्म हो गया। आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने फोन नहीं उठाया। कॉलोनी के गुस्साए लोगों ने चमन विहार उपकेंद्र का घेराव किया। अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारु करवाई गई है। जल्द ही ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता वृद्धि कराई जाएगी।


