nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : गोमतीनगर के विकासखंड में रह रही सीएचसी गोसाईंगंज की संविदाकमी निशा (30) की हत्या उसके प्रेमी ने की थी। वारदात के बाद प्रेमी फरार हो गया था। शव से बदबू आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने मड़ियांव निवासी आरोपित दीपांशु को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि निशा देवी अपने पति दीपक के साथ विनयखंड-1 में रहती थी। उसके पति मानसिक रूप से बीमार हैं। निशा पहले एक निजी अस्पताल में काम करती थी। वह वर्तमान में सीएचसी गोसाईंगंज में संविदा पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थी। भाई सुमित ने बताया कि 19 मई की शाम 5:30 बजे निशा नाइट ड्यूटी की बात कहकर घर से निकली थीं। इसके बाद वह पत्रकारपुरम स्थित विशाल मेगा मार्ट गई थीं। शाम 6:30 बजे निशा ने बेटी अयांशी (8) को विडियो कॉल की थी। बेटी से कहा था कि वह जल्द उससे मिलने पहुंचेगी।
स्विच ऑफ हो गया था फोन
सुमित के मुताबिक रात आठ बजे उसने निशा को कॉल किया था। उस समय फोन स्विच ऑफ मिला। उसे लगा कि नाइट ड्यूटी के कारण मोबाइल ऑफ कर लिया होगा। 20 मई को भी लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई। पर, फोन बंद ही था। कोई जानकारी न मिलने पर 21 मई की सुबह गोमतीनगर पुलिस स्टेशन में निशा की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
CCTV में दिखा आरोपित
पुलिस ने घटनास्थल और उसके आस-पास लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक की। फुटेज में पुलिस को आरोपित मड़ियावं निवासी दीपांशु सिंह कमरे से हड़बड़ी में निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज और सर्विलांस की मदद से उसे शुक्रवार दोपहर पकड़ लिया। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि निशा और वह नोवा अस्पताल में साथ में काम करते थे। वर्ष 2024 में दोनों में दोस्ती हो गई थी। इसके बाद दोनों काफी नजदीक आ गए थे।
शादी के बाद से दूरी बनाने लगा था आरोपित
इंस्पेक्टर गोमतीनगर ब्रजेश चन्द्र तिवारी के मुताबिक आरोपित दीपांशु ने बताया कि जनवरी 2026 में उसकी शादी हो गई थी। इसके बाद से उसने निशा से दूरी बनाना शुरू कर दिया था। पर निशा कमरा किराए पर लेकर उसके ऊपर साथ में रहने का दबाव बनाने लगी। इस पर दोनों में विवाद होता था। 19 मई को भी निशा ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। निशा साथ में रहने का दबाव बना रही थी। दोनों में विवाद भी हुआ। गुस्से में दीपांशु ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपित मूल रूप से हरदोई का रहने वाला है। परिवारीजनों का आरोप है कि निशा का मोबाइल फोन, अंगूठी और चेन गायब हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।


