nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय में नकल अध्यादेश लागू होने के बाद अब छात्रों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। सेमेस्टर परीक्षाओं में अनुचित साधनों का प्रयोग (नकल) करने वाले 6 छात्रों पर विवि ने सख्त कार्रवाई की है। विश्वविद्यालय की शिकायत निवारण समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद कुलपति ने नकल करते पकड़े गए विभिन्न पाठ्यक्रमों के 6 छात्र-छात्राओं की संबंधित विषयों की परीक्षा को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। छात्रों के करियर को ध्यान में रखते हुए उन्हें राहत भी दी गई है और आगामी परीक्षा में संबंधित विषय का बैक पेपर देने की अनुमति दी गई है।
विवि द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिन छात्रों की परीक्षाएं निरस्त की गई हैं, उनमें विधि लॉ फैकल्टी के छात्र सबसे ज्यादा शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन भी छात्र-छात्राओं की परीक्षा निरस्त हुई है, वे परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक और निर्धारित प्रक्रियाओं को समय पर पूरा कर लें। इसके बाद ही उन्हें आगामी परीक्षाओं में संबंधित विषय के बैक पेपर में शामिल होने का मौका मिलेगा।


