ओएसिस वेनेशिया हाइट्स के निवासियों ने रजिस्ट्री के लिए विधायक को लिखा पत्र

नवभारतटाइम्स.कॉम

ग्रेटर नोएडा की ओएसिस वेनेशिया हाइट्स के हजारों परिवार अपने फ्लैटों की रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे हैं। वर्ष 2018 से निवेश के बावजूद, कंप्लीशन सर्टिफिकेट न मिलने से मालिकाना हक अटका है। निवासियों ने विधायक तेजपाल नागर से हस्तक्षेप की अपील की है। वे ईएमआई और किराए का दोहरा बोझ झेल रहे हैं।

oasis venezia heights flat registry stuck residents appeal to mla

n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के साइट-3 स्थित ओएसिस वेनेशिया हाइट्स सोसायटी के निवासियों ने फ्लैटों की रजिस्ट्री की मांग को लेकर दादरी विधायक तेजपाल नागर को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की अपील की है। लोगों का कहना है कि वर्षों बीत जाने के बावजूद उन्हें अपने फ्लैटों का मालिकाना हक नहीं मिल सका है।

सोसायटी निवासी अविनाश सिंह ने बताया कि वर्ष 2018 में हजारों परिवारों ने अपने सपनों का घर पाने के उद्देश्य से इस परियोजना में निवेश किया था, लेकिन आज तक रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। उनका आरोप है कि परियोजना का कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी न होने के कारण फ्लैटों की रजिस्ट्री अटकी हुई है। निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई वर्षों तक बैंक ऋण की ईएमआई और किराए का दोहरा बोझ झेला है। इसके बावजूद उन्हें अपने घरों का कानूनी स्वामित्व नहीं मिल पाया। इस स्थिति से लोगों में नाराजगी और निराशा लगातार बढ़ रही है। विधायक को भेजे गए पत्र में निवासियों ने कहा कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि लोगों से मिलते हैं, लेकिन रजिस्ट्री की समस्या का अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मांग की कि संबंधित प्राधिकरण और विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समाधान कराया जाए।