nNBT रिपोर्ट, लखनऊ
जीवन साथी ऐप पर दोस्ती कर एक युवक ने गोरखपुर की तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर लखनऊ बुलाया और होटल में दो दिन तक यौन शोषण किया। इसके बाद आरोपी नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया। इंस्पेक्टर अभिनव कुमार वर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।
पीड़िता के अनुसार जीवनसाथी ऐप पर एजाज मिर्जा से संपर्क हुआ था। आरोपित ने खुद को अहमदाबाद निवासी बताया और शादी का भरोसा दिलाया। 16 मई को उसने महिला को लखनऊ बुलाकर चारबाग स्थित होटल क्रिस्टल में ठहराया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसने दो दिन तक दुष्कर्म किया। इस दौरान 25 हजार रुपये नकद और छह हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी कराए। बाद में जेवर लेकर फरार हो गया। पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपित की तलाश कर रही है।


